पाकिस्तान ने पीएम मोदी की टिप्पणी पर जताई आपत्ति, कहा- “क्षेत्रीय स्थिरता को खतरा”
पाकिस्तान ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुजरात के भुज में दिए गए बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इसे “खतरनाक मिसाल” करार दिया।
बयान में कहा गया, “पीएम मोदी की टिप्पणी पहले से ही अस्थिरता से जूझ रहे इस क्षेत्र में एक खतरनाक मिसाल कायम करती है। यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उन मूल सिद्धांतों का उल्लंघन है जो सभी सदस्य देशों को विवादों के शांतिपूर्ण समाधान और अन्य देशों की संप्रभुता या राजनीतिक स्वतंत्रता के खिलाफ बल प्रयोग या धमकी से दूर रहने की हिदायत देते हैं।”
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील करते हुए कहा, “भारत की बढ़ती बयानबाज़ी पर गंभीरता से ध्यान देना ज़रूरी है, क्योंकि यह क्षेत्रीय स्थिरता और स्थायी शांति की संभावनाओं को कमजोर कर रही है।”
पीएम मोदी ने कहा था
सोमवार को गुजरात के भुज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान पर सीधा हमला बोलते हुए कहा,
“पाकिस्तान को आतंक की बीमारी से मुक्त करने के लिए पाकिस्तान की अवाम को भी आगे आना होगा, पाकिस्तान के नौजवानों को आगे आना होगा। सुख-चैन की ज़िंदगी जियो, रोटी खाओ, वरना मेरी गोली तो है ही।”
इस बयान को लेकर पाकिस्तान ने कड़ा विरोध जताया है और इसे क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा बताया है।


