इंदौर। नगर निगम इंदौर के बजट अधिवेशन में वंदे मातरम पर हुए विवाद पर सीएम डॉ.मोहन यादव की तीखी प्रतिक्रिया के बाद अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर पलटवार करने की कोशिश की है। पटवारी ने कहा कि जिस दल की मातृ संस्था ने 50 वर्षों तक अपने कार्यालयों में तिरंगा झंडा नहीं फहराया, वह भाजपा हमें राष्ट्रभक्ति का पाठ पढ़ा रही है।
पटवारी ने मीडिया से चर्चा में कहा कि राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान कांग्रेस की आत्मा में बसे हैं। वंदे मातरम का नारा लगाकर कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई लड़ी। देशभक्ति के लिए हमें भाजपा के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। वंदे मातरम गाने से इनकार करने वाली पार्षद रुबीना इकबाल खान के मामले में पटवारी ने कहा कि यह अनुशासन समिति के संज्ञान में है। जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा। राष्ट्रगान का सम्मान करना सभी देशवासियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान गाना या न गाना निजी मामला हो सकता है, लेकिन उसके बारे में सार्वजनिक रूप से इनकार करना गलत है। कांग्रेस ने इसे गंभीरता से लिया है।
भागीरथपुरा के मामले में भाजपा पर निशाना
उल्लेखनीय है कि नगर निगम के बजट अधिवेशन में कांग्रेस ने भागीरथपुरा के लोगों को लाकर हंगामा कराया था। इससे जुड़े सवाल पर पटवारी ने कहा कि हम सदन में पूछना चाहते थे कि आठ हजार करोड़ के बजट के बावजूद दूषित पानी के कारण 35 लोगों की मौत हो गई, लेकिन इस पर सदन में जिम्मेदारों ने जवाब नहीं दिया। घोटालों के मामले में चुप्पी साध ली गई। पटवारी ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को दबाने के लिए भाजपा सांप्रदायिकता को हवा देती है।


