इंदौर के खजराना गणेश मंदिर की दानपेटी से निकले 1.21 करोड़ रुपए, 9500 रुपए के बंद नोट भी डाल गए भक्त

Date:

इंदौर। इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर की दानपेटियां एक बार फिर खोली गई हैं। अब तक एक करोड़ 21 लाख रुपए निकल चुके हैं। इसमें 9500 रुपए के वे नोट भी मिले हैं जो 2016 में मोदी सरकार ने बंद कर दिए थे। इसके साथ ही लाखों रुपए मूल्य के गहने भी मिले हैं।

उल्लेखनीय है कि खजराना गणेश मंदिर की दान पेटियां जब भी खुलती हैं, इसमें काफी संख्या में चिटि्ठयां भी मिलती है। इस बार भी काफी संख्या में चिट्ठियां मिली हैं, जिसमें भक्तों का मनोकामना लिखी हुई हैं। किसी भक्त ने नई मॉडल की महंगी लेडीज वॉच भी गणेशजी को चढ़ा दी है।

इस बार 6 मार्च से शुरू हुई गणना में अब तक 1.21 करोड़ रुपए की दान राशि गिनी जा चुकी है, जिसमें विदेशी मुद्रा भी शामिल है। मंदिर समिति के अनुसार, करीब सवा दो महीने बाद दानपेटियां खोली गई हैं। इनमें नकद राशि और आभूषणों के अलावा भक्तों की चिट्ठियां भी मिली हैं। मंदिर की दान पेटियों से निकली चिल्लर की गिनती का काम मंदिर में किया जा रहा है। खास बात यह है कि इस बार दान की गई राशि में 9 साल पहले बंद हो चुके पुराने नोट भी मिले हैं। यह राशि बैंक में जमा की जाती है और इसी से मंदिर समिति का खर्च चलता है। नोटों को मशीनों से गिनकर, सौसौ नोट की गड्डियां बनाकर बैंक में जमा किया जाएगा। हमेशा की तरह इस बार करीब 15 लोगों का स्टाफ नोटों को छांटने, उनकी गड्डी बनाने और गिनती में जुटा है।

इस बार सवा दो महीने में खुली हैं पेटियां

मंदिर की दानपेटियां हर तीन महीने पर खोली जाती हैं। मंदिर समिति के असिस्टेंट मैनेजर गौरी शंकर मिश्रा के अनुसार यह पहली बार हुआ है जब दानपेटियों में 2016 में बंद हो चुके 500 और 1000 रुपए के नोट मिले हैं। मिश्रा ने बताया कि पिछली बार तीन महीने की अवधि में दानपेटियों से 1.75 करोड़ रुपए की नकद राशि प्राप्त हुई थी। इस बार वित्तीय वर्ष समाप्त होने के कारण दानपेटियां जल्दी खोली गईं और सवा दो माह की अवधि में अब तक 1.21 करोड़ रुपए की राशि गिनी जा चुकी है। पिछले साल दान पेटियों में सोने की चेन और चांदी की सिल्लियां निकली थी। इसके अलावा अमेरिका, दुबई सहित अन्य देशों की मुद्राएं भी मिली थीं।

Ardhendu Bhushan (Consulting Editor)
Ardhendu Bhushan (Consulting Editor)http://www.hbtvnews.com
Ardhendhu Bhushan is a senior consulting editor with extensive experience in the media industry. He is recognized for his sharp editorial insight and strategic guidance.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

Recent News
Related