नई दिल्ली। कोच्चि से दिल्ली जा रहा इंडिगो के विमान की नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। विमान में बम रखे होने की सूचना के बाद यह एक्शन लिया गया। पुलिस और दमकल की गाड़ियां हवाई अड्डे पर पहुंचकर विमान की जांच की। कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है।
बताया जाता है कि आज सुबह 9:20 बजे इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 2706 को बम की धमकी मिलने के बाद नागपुर एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया। लैंडिंग के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पहले से ही एयरपोर्ट प्रशासन, पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर मौजूद रहीं। एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों और बम निरोधक दस्ते ने विमान की गहन जांच की, लेकिन कुछ प्राप्त होने की सूचना नहीं है। नागपुर के डीसीपी लोहित मातानी ने जानकारी दी कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तमाम सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।


