नई दिल्ली। असम के धुबरी जिले में इन दिनों सांप्रदायिक तनाव फैला हुआ है। इस पर सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने कहा कि इस बार ईद पर कुछ असामाजिक तत्वों ने धुबरी के हनुमान मंदिर में गो मांस फेंककर घृणित और निंदनीय अपराध किया। एक विशेष वर्ग हमारे मंदिरों को क्षति पहुंचाने की नीयत से सक्रिय हो चुका है, इसलिए हमने अवैध गतिविधि देखते ही पुलिस को गोली मारने के आदेश दिए हैं।
सीएम सरमा ने कहा कि आगामी ईद पर अगर आवश्यकता पड़ी तो मैं खुद रात भर हनुमान बाबा के मंदिर में पहरेदारी करूंगा। उन्होंने कहा कि धुबरी में एक नया गोमांस माफिया सामने आया है, जिसने ईद से ठीक पहले हजारों पशुओं की खरीद की है। इसकी जांच की जा रही है। सीएम ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे हमारे मंदिरों और पवित्र स्थानों को अपवित्र करने वाले तत्वों के खिलाफ जीरो सहनशीलता का पालन करें। शहर के हनुमान मंदिर में गोमांस फेंकने की घटना कभी नहीं होनी चाहिए थी और इसमें शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा.। हम जिले में कानून-व्यवस्था को लागू करने और सभी सांप्रदायिक ताकतों को हराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।


