नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर फायरिंग और बाबा सिद्दीकी मर्डर केस का आरोपी गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई आज अमेरिका से भारत लाया गया। लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल को अमेरिका से डिपोर्ट किया गया है और वह आज दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा है। उसके भारत पहुंचते ही एनआईए ने गिरफ्तार कर लिया।
उल्लेखनीय है कि मुंबई पुलिस ने अनमोल के प्रत्यर्पण के लिए दो प्रस्ताव भेजे थे। देशभर में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। इस महीने की शुरुआत में एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि अनमोल, जो अमेरिका और कनाडा के बीच अपनी लोकेशन बदलता रहता है, उसे कनाडा में हिरासत में लिया गया है। उसके पास से फर्जी दस्तावेजों पर बना रूसी पासपोर्ट मिलने की भी जानकारी सामने आई थी। पिछले साल नवंबर में उसे अमेरिका में भी हिरासत में लिया गया था। अनमोल बिश्नोई 2022 से फरार था और एनआईए द्वारा चल रही जांच में यह 19वां आरोपी है जिसे गिरफ्तार किया गया है। मार्च 2023 में एनआईए ने इस केस में चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें साफ हुआ कि अनमोल ने 2020 से 2023 के बीच गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई को देश में कई बड़ी वारदातों में मदद की थी। जांच के अनुसार, अनमोल अमेरिका बैठकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए टेरर सिंडिकेट चलाता रहा। वह गैंग के लोगों को पनाह, पैसा और लॉजिस्टिक सपोर्ट देता था। इसके अलावा वह विदेशी जमीन पर बैठकर भारत में धमकी और वसूली (एक्सटॉर्शन) भी करता था।
10 लाख रुपए का था इनाम
पिछले साल एनआईए ने अनमोल बिश्नोई को मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में डाला था। एनआईए ने अनमोल की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को 10 लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया था। बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और सलमान खान के घर पर फायरिंग के मामले में उसका नाम लगातार सुर्खियों में बना रहा। अनमोल बिश्नोई के ऊपर सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शूटर्स को मदद करने का भी आरोप है।


