मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर इसका ऐलान किया है। रोहित ने अपने पोस्ट में लोगों के प्यार के लिए शुक्रिया कहा है। रोहित का ये फैसला भारतीय क्रिकेट टीम के इंग्लैड दौरे से कुछ समय पहले ही आया है।
उल्लेखनीय है कि टीम इंडिया की इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने वाली है। भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मैच 20 जून से होगा। रोहित ने इससे पहले ही संन्यास का ऐलान कर दिया है। रोहित शर्मा टेस्ट और वनडे में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे थे। रोहित ने अपनी टेस्ट मैच की कैप की फोटो शेयर की। इस फोटो के साथ रोहित ने लिखा कि–हैलो, मैं आप सभी को बताना चाहता हूं कि मैं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं। व्हाइट क्रिकेट में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात है। इतने साल आप सभी के प्यार और सपोर्ट के लिए शुक्रिया। रोहित शर्मा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में ये भी बताया कि वो भारत के लिए ओडीआई फॉर्मेट में खेलते रहेंगे। रोहित शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद टी20 क्रिकेट से भी संन्यास का ऐलान किया था।




