सुकेश चंद्रशेखर की डॉक्यूमेंट्री को लेकर विवाद गहरा गया है। नेटफ्लिक्स पर 18 दिसंबर 2026 को रिलीज़ होने जा रही ‘लव, स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी’ के खिलाफ सुकेश की लीगल टीम ने 26 नवंबर 2026 को कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस नेटफ्लिक्स, इंडिया टुडे ग्रुप, डायरेक्टर मौमिता सेन व नियंता शेखर, एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर चांदनी अहलावत डाबस और को-डायरेक्टर करण राणा को भेजा गया।
सुकेश चंद्रशेखर की डॉक्यूमेंट्री पर पक्ष न लेने का आरोप
नोटिस में आरोप लगाया गया है कि डॉक्यूमेंट्री के निर्माण से पहले न तो सुकेश चंद्रशेखर से संपर्क किया गया, न ही उनका पक्ष जाना गया। लीगल टीम ने कहा है कि इस तरह एकतरफा कहानी सामने लाई जा रही है, जिससे सुकेश की छवि प्रभावित हो सकती है।

रिलीज़ रोकने और डॉक्यूमेंट्री दिखाने की मांग
नोटिस में मांग की गई है कि जब तक कोर्ट में अभियोजन साक्ष्य पूरे नहीं हो जाते, तब तक डॉक्यूमेंट्री की रिलीज़ और प्रमोशन रोका जाए। इसके अलावा, रिलीज़ से पहले सुकेश की लीगल टीम को पूरी डॉक्यूमेंट्री दिखाने की भी मांग की गई है। साथ ही मीडिया प्रचार में ‘कनमैन’ या ‘ठग’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल न करने को कहा गया है।
अदालत में विचाराधीन मामला, अगली सुनवाई 30 नवंबर को
सुकेश की टीम का तर्क है कि 200 करोड़ रुपये की रंगदारी और तिहाड़ जेल से जुड़ा मामला फिलहाल दिल्ली की विशेष MCOCA कोर्ट में विचाराधीन है। अगले सुनवाई की तारीख 30 नवंबर 2026 तय की गई है। 20 अगस्त 2026 के एक मामले को छोड़ बाकी मामलों में सुकेश दोषसिद्ध नहीं हैं।
72 घंटे का अल्टीमेटम, हाईकोर्ट जाने की चेतावनी
सुकेश के वकील अनंत मलिक ने नोटिस में 72 घंटे का समय देते हुए नेटफ्लिक्स और अन्य को लिखित जवाब और डॉक्यूमेंट्री की रिलीज़ स्थगित करने का आश्वासन मांगा है। मांगें न माने जाने पर दिल्ली हाईकोर्ट में जाने की चेतावनी दी गई है।
डॉक्यूमेंट्री की कहानी और जुड़े विवाद
‘लव, स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी’ नेटफ्लिक्स की ओर से बनाई गई डॉक्यूमेंट्री है, जिसमें सुकेश के जीवन, उसके अपराधों और तिहाड़ जेल से जुड़े मामलों को दिखाया गया है। इसमें बॉलीवुड अभिनेत्रियों जैकलीन फर्नांडीज और नोरा फतेही के साथ कथित संबंधों का भी जिक्र है। डॉक्यूमेंट्री के निर्देशक मौमिता सेन और नियंता शेखर हैं।
डॉक्यूमेंट्री की रिलीज़ डेट 18 दिसंबर 2026 तय है। नेटफ्लिक्स या इंडिया टुडे ग्रुप की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



