पन्ना टाइगर रिजर्व के पास मनकी बीट के जंगल में एक वयस्क बाघिन का शव मिला है। बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा कसा हुआ था। इस घटना के सामने आने के बाद पन्ना के जंगलों में अवैध शिकार को लेकर फिर से चिंता बढ़ गई है।
पन्ना टाइगर रिजर्व के पास वन कक्ष P-390 में बाघिन का शव मिला
उत्तर वन मंडल की पन्ना रेंज के अंतर्गत मनकी बीट स्थित वन कक्ष क्रमांक P-390 में बाघिन का शव बरामद हुआ। यह इलाका मनकी गांव के पास है, जो पन्ना टाइगर रिजर्व की कोर रेंज की सीमा से लगा हुआ है। मृत बाघिन की उम्र करीब 5 से 6 वर्ष आंकी गई है।
👉 यह भी पढ़ें:

गले में क्लच वायर का फंदा, दम घुटने से मौत की आशंका
मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बाघिन के गले में लोहे का क्लच वायर बुरी तरह कसा मिला। फंदे के घाव की स्थिति देखकर यह अनुमान लगाया गया है कि बाघिन कुछ दिन पहले ही फंदे में फंसी होगी और तड़पती हुई इस स्थान तक पहुंची। दम घुटने और फंदे में फंसने से उसकी मौत होने की प्राथमिक आशंका जताई गई है।
शिकार के लिए बिछाए गए फंदे में फंसने की आशंका
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जंगल में जंगली सुअर या अन्य वन्यजीवों के शिकार के लिए अवैध क्लच वायर ट्रैप लगाए गए थे, जिनमें फंसकर बाघिन की जान गई। विभाग ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां और भी ऐसे फंदे होने की संभावना के मद्देनजर सघन तलाशी शुरू कर दी है।

SDO और पन्ना रेंजर की टीम मौके पर, डॉग स्क्वायड से सर्चिंग
सूचना मिलते ही उप वनमंडलाधिकारी कृष्णा मरावी और पन्ना रेंजर अजय वाजपेई के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों और शिकारियों की तलाश शुरू की। डॉग स्क्वायड की मदद से जंगल में सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया।
बाघ पुनर्स्थापना के बाद फिर शिकार की चुनौती
पन्ना टाइगर रिजर्व में 2003 में बाघों की संख्या शून्य हो चुकी थी, जिसके बाद यहां बाघ पुनर्स्थापना योजना लागू की गई। वर्तमान में रिजर्व में बाघों की संख्या करीब सौ के आसपास पहुंच गई है। हाल की घटना ने क्षेत्र में शिकारियों की सक्रियता को लेकर विभाग की चिंता बढ़ा दी है। वन विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि फंदा किसने लगाया और क्या इलाके में अन्य वन्यजीवों के लिए भी ऐसे फंदे बिछाए गए हैं।



