भारत जल्द ही पनडुब्बी निर्माण के क्षेत्र में वैश्विक केंद्र बनने जा रहा है। भारतीय नौसेना की उन्नत पनडुब्बी निर्माण परियोजना ‘प्रोजेक्ट-75 (इंडिया)’ के तहत 80,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत से 6 अगली पीढ़ी की पारंपरिक पनडुब्बियां देश में ही बनेंगी। यह पूरी परियोजना मुंबई स्थित मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (MDL) में जर्मन कंपनी थिसनक्रुप मरीन सिस्टम्स (TKMS) की तकनीकी साझेदारी से पूरी होगी।
पनडुब्बी निर्माण के लिए 80 हजार करोड़ का सबसे बड़ा रक्षा सौदा
इस मेगा डील की लागत करीब 80,000 करोड़ रुपये तय की गई है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि यह प्रस्ताव अब अंतिम प्रक्रिया में है और सक्षम प्राधिकरण यानी कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी की मंजूरी का इंतजार है।
👉 यह भी पढ़ें:
- भारतीय नौसेना में शामिल होंगे 60 से अधिक नए युद्धपोत, मिसाइल से लैस
- HAL ने मार्च 2027 तक तेजस Mk-1A की 18 विमानों वाली स्क्वॉड्रन देने का वादा
- Sea Vigil-26: नौसेना 9 दिन तक देश की तटरेखा की सुरक्षा करेगी जांच
- 48 घंटे से अधिक चला ऑपरेशन, वायुसेना के C-17 से मरीन कमांडो पहुंचे सोमालिया
- रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के लिए 8 नए कॉर्वेट बनाने के ठेके दिए
- INS विक्रांत पर राफेल मरीन की पहली लैंडिंग सफल, नौसेना में शामिल करने के लिए ट्रायल जारी
भारत में बनेंगी 6 अगली पीढ़ी की पनडुब्बियां
प्रोजेक्ट-75 (इंडिया) के तहत भारतीय नौसेना के लिए कुल 6 नेक्स्ट-जेनरेशन पारंपरिक पनडुब्बियों का निर्माण किया जाएगा। इन पनडुब्बियों में एयर इंडिपेंडेंट प्रोपल्शन (AIP) सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे वे लंबे समय तक पानी के अंदर रह सकेंगी और इनकी अदृश्यता क्षमता बढ़ेगी।
जर्मन कंपनी TKMS तकनीकी साझेदार, स्पेन की नवंतिया भी थी दौड़ में
इस परियोजना के लिए जर्मन रक्षा कंपनी थिसनक्रुप मरीन सिस्टम्स (TKMS) को तकनीकी भागीदार चुना गया है। जर्मनी के साथ स्पेन की नवंतिया कंपनी भी प्रतिस्पर्धा में शामिल थी। TKMS के सीईओ ऑलिवर बर्कहार्ड ने कहा कि यह परियोजना भारत को वैश्विक पनडुब्बी निर्माण और निर्यात केंद्र बनाने की दिशा में अहम साबित होगी।
मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स बनाएगा पनडुब्बियां, निजी कंपनियां भी जुड़ेंगी
इन सभी पनडुब्बियों का निर्माण मुंबई के मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (MDL) में किया जाएगा। निर्माण प्रक्रिया में भारतीय निजी क्षेत्र की कंपनियां भी सप्लाई चेन के हिस्से के रूप में शामिल होंगी।
तीन अतिरिक्त स्कॉर्पीन पनडुब्बियों का प्रस्ताव भी विचाराधीन
प्रोजेक्ट-75 (इंडिया) के समानांतर, भारत अपनी नौसेना की क्षमता तुरंत बढ़ाने के लिए फ्रांसीसी सहयोग से मझगांव डॉक में ही तीन अतिरिक्त स्कॉर्पीन (कलवरी-क्लास) पनडुब्बियों के निर्माण के प्रस्ताव पर भी विचार कर रहा है।



