अहमदाबाद। अहमदाबाद के रामोल इलाके में शनिवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका हुआ है। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है।
बताया जाता है कि रामोल-गताराड रोड पर टैलेंट स्कूल के सामने महमूदपुरा स्थित एक खुली पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके के तुरंत बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
👉 यह भी पढ़ें:
- Tamil Nadu Firecracker Factory Blast: पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, महिला की मौत, 26 मजदूर घायल; आखिर कैसे हुआ इतना बड़ा विस्फोट?
- महाराष्ट्र के सांगली में पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, दो मजदूर गंभीर रूप से घायल
- उत्तर प्रदेश के अमरोहा में पटाखा फैक्ट्री में धमाका, चार से अधिक महिला मजदूरों की मौत, कई मजदूर गंभीर रूप से घायल
- उत्तर प्रदेश के अमरोहा में पटाखा फैक्ट्री में धमाका, चार से अधिक महिला मजदूरों की मौत, कई मजदूर गंभीर रूप से घायल
- आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली की पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 8 लोगों की मौत, कई लोग गंभीर रूप से घायल
- गुजरात के बनासकांठा में पटाखा फैक्ट्री में ब्लॉस्ट से उड़ा स्लैब, 17 लोगों की मौत, कई घायल
दूर से दिख रहा था धुएं का गुबार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग डर के मारे घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री से ऊंची-ऊंची आग की लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा।
घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। इसके साथ ही 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की।
अवैध रूप से चल रही थी फैक्ट्री
जानकारी के अनुसार जिस फैक्ट्री में धमाका हुआ। वह अवैध रूप से संचालित थी। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि श्रमिकों के शवों के चिथड़े उड़ गए। यह फैक्ट्री वस्त्राल स्थित आरएएफ कैंप के पीछे होने के कारण, धमाके की आवाज सुनते ही कैंप में तैनात जवान तुरंत मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही उन्होंने घायल और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाल लिया।
पीएम मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने इस घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि गुजरात के अहमदाबाद में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं दुखी परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।



