अल्मोड़ा में दर्दनाक बस हादसा: सैलापानी के पास खाई में गिरी केएमओयू बस, छह यात्रियों की मौत
भिकियासैंण तहसील क्षेत्र के अंतर्गत विनायक के पास सैलापानी के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामनगर की ओर जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इस दर्दनाक दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन (केएमओयू) लिमिटेड की थी, जिसका नंबर यूके 07 PA 4025 है। यह बस सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे द्वाराहाट के नोबाड़ा के लिए रवाना हुई थी और मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे नोबाड़ा से रामनगर के लिए चली थी। सुबह लगभग आठ बजे सैलापानी बैंड के पास बस हादसे का शिकार हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। अब तक पांच शव घटनास्थल से निकाले जा चुके हैं, जबकि एक अन्य मृतक की पुष्टि बाद में हुई। मृतकों की पहचान और उनके पते का पता लगाने का कार्य प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि बस चालक और परिचालक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, फिर भी बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर सड़क की स्थिति और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ितों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।


