पौष पूर्णिमा पर त्रिवेणी संगम में आस्था का महास्नान, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी
गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती नदियों के पावन त्रिवेणी संगम पर पौष पूर्णिमा के अवसर पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। शनिवार तड़के से ही लाखों श्रद्धालु संगम में पवित्र स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। देश के कोने-कोने से श्रद्धालु इस महापर्व के लिए प्रयागराज पहुंचे हैं।
कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। श्रद्धालुओं को स्नान के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है, लेकिन आस्था और भक्ति का जज्बा हर कठिनाई पर भारी नजर आया।
पौष पूर्णिमा स्नान को लेकर शुक्रवार देर रात तक संगम क्षेत्र में भारी भीड़ जुट गई थी, जिससे मेला क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। कल्पवासियों ने भी अपने-अपने शिविरों में डेरा डाल लिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं।
मेला क्षेत्र के सातों सेक्टरों में बने पांटून पुलों को वन-वे कर दिया गया है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। प्रशासन का अनुमान है कि शनिवार को करीब 25 लाख श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे। प्रशासन का दावा है कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।




