ऊधमपुर के जंगलों में भीषण मुठभेड़: जैश के आतंकियों को घेरकर सुरक्षाबलों का ‘ऑपरेशन केया’ जारी
जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले के पहाड़ी और घने जंगलों वाले इलाके में सुरक्षाबलों और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों के बीच मंगलवार को एक बार फिर मुठभेड़ शुरू हो गई। सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षाबलों के घेरे में दो से तीन आतंकी फंसे हुए हैं। एक आतंकी के मारे जाने की सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
👉 यह भी पढ़ें:
- Amarnath Yatra Accident: उधमपुर में अमरनाथ यात्रियों की कार खड़े ट्रक से टकराई, 6 घायल; 5 श्रद्धालुओं की हालत गंभीर
- WhatsApp Username Feature: अब बिना मोबाइल नंबर शेयर किए होगी चैट! Meta ने बताया कैसे रहेगा सुरक्षित, सरकार ने भी भेजा नोटिस
- Jammu Kashmir Security Alert: क्या राजनीति के जरिए नई साजिश रच रहा है ISI? सुरक्षा एजेंसियों के खुलासे से बढ़ी चिंता
- संयुक्त राष्ट्र में भारत का सख्त संदेश: समुद्री सुरक्षा से समझौता नहीं, होर्मुज मार्ग पर हमले अस्वीकार्य
- राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी की अनबन बढ़ी, पंजाब सरकार ने जेड प्लस सुरक्षा हटाई
- गांदरबल के जंगलों में गूंजीं गोलियां: सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर किया
यह मुठभेड़ रामनगर और बसंतगढ़ के बीच स्थित दुर्गम क्षेत्र चिगला बलोटा में हुई, जहां आतंकियों की संदिग्ध हलचल की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। इस अभियान को सेना की व्हाइट नाइट कोर ने ‘ऑपरेशन केया’ नाम दिया है।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबल जब इलाके में आगे बढ़ रहे थे, तभी शाम करीब चार बजे जगरेडा क्षेत्र के घने जंगल में छिपे आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग होती रही। देर रात तक मुठभेड़ जारी रहने की खबर है।
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और अतिरिक्त सुरक्षाबलों को मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।
गौरतलब है कि ऊधमपुर जिले के पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में आतंकियों की मौजूदगी की आशंका को लेकर पहले से ही तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। इससे पहले जनवरी में कठुआ जिले में हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया था, जबकि किश्तवाड़ के जंगलों में एक ऑपरेशन के दौरान सेना का एक जवान बलिदान हो गया था। फिलहाल पूरे जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ करीब 100 से अधिक ऑपरेशन चल रहे हैं।



