अमृतसर। सुखबीर सिंह बादल को एक बार फिर शिरोमणि अकाली दल की कमान सौंप दी गई है। अमृतसर में सर्वसम्मति से उन्हें पार्टी प्रमुख चुना गया है। पिछले साल 16 नवंबर को सुखबीर बादल ने पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल लोकसभा चुनावों के बाद सुखबीर बादल के नेतृत्व के खिलाफ पार्टी में कुछ नेताओं ने बगावत कर दी थी। बगावत करने वाले नेताओं में प्रेम सिंह चंदूमाजरा, गुरप्रताप सिंह वडाला, बीबी जागीर कौर, और सुखदेव सिंह ढींडसा शामिल थे। इसके बाद पार्टी में नए सिरे से सदस्यता अभियान चलाकर अब अध्यक्ष का चुनाव कराया गया है। हालांकि पार्टी के बागी गुट के नेता इस चुनाव को श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों की अवहेलना बता रहे हैं। दरअसल जब सुखबीर बादल और अन्य अकाली नेताओं को अकाल तख्त ने तनखाहिया घोषित किया था इस वक्त अकाल तख्त ने शिरोमणि अकाली दल का सदस्यता अभियान चलाने के लिए एक सात सदस्यीय कमेटी बनाई थी।



