डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले तेल टैंकरों के मामले में “बहुत खराब काम” कर रहा है। उन्होंने इसे अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते के खिलाफ बताया।
ट्रंप ने अपने सोशल मंच पर लिखा कि ईरान का यह रवैया न केवल अनुचित है बल्कि उस समझौते के अनुरूप भी नहीं है, जिस पर दोनों देशों के बीच सहमति बनी थी।
इससे पहले एक अन्य पोस्ट में उन्होंने रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले टैंकरों से शुल्क वसूल रहा है, जो नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अगर ऐसा हो रहा है, तो इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए।
ट्रंप के इन बयानों से साफ है कि इस रणनीतिक जलमार्ग को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है।


