नेपाल की राजधानी काठमांडू में राजशाही समर्थकों का उत्पात, पुलिस और प्रदर्शनकारियों में भिड़ंत, दो की मौत, कई इलाकों में कर्फ्यू

Date:

काठमांडू। नेपाल की राजधानी काठमांडू में शुक्रवार को राजशाही की मांग को लेकर हिंसक प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने काठमांडू के तिनकुने में एक इमारत में तोड़फोड़ की और उसे आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर भी फेंके, जिसके जवाब में सुरक्षाकर्मियों को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। स्थिति बिगड़ने के बाद प्रशासन ने तिनकुने, सिनामंगल और कोटेश्वर इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया। नेपाल-त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट को आज रात 10 बजे तक के लिए बंद कर दिया गया है। हिंसक प्रदर्शनों में एक पत्रकार समेत 2 लोगों की मौत हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हिंसा तब बढ़ी जब प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। इस बीच प्रदर्शनकारियों ने एक बिजनेस कॉम्प्लेक्स, शॉपिंग मॉल, एक राजनीतिक पार्टी के मुख्यालय और एक मीडिया हाउस की इमारत को आग के हवाले कर दिया। इस हिंसक घटना में 12 से अधिक पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं।

राजा लाओ, देश बचाओ के लगे नारे

बताया जाता है कि शुक्रवार को हुए इस प्रदर्शन में हजारों की संख्या में राजशाही समर्थक शामिल हुए। इस प्रदर्शन का नेतृत्व मुख्य रूप से राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी और अन्य राजशाही समर्थक समूहों ने किया। प्रदर्शनकारी नेपाल के राष्ट्रीय झंडे लहरा रहे थे और उनके हाथों में पूर्व राजा ज्ञानेंद्र शाह की तस्वीरें थीं। वे राजा आओ, देश बचाओ और हमें राजशाही वापस चाहिए जैसे नारे लगा रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रतिबंधित क्षेत्र न्यू बानेश्वर की ओर बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने प्रतिबंधों का उल्लंघन करने के आरोप में कई युवकों को हिरासत में ले लिया।

2008 में समाप्त हो गई थी राजशाही

उल्लखनीय है कि नेपाल ने 2008 में एक संसदीय घोषणा के तहत अपनी 240 साल पुरानी राजशाही समाप्त कर देश को संघीय, लोकतांत्रिक गणराज्य में बदल दिया था। हालांकि, हाल के महीनों में कुछ समूह फिर से राजशाही की बहाली की मांग कर रहे हैं। यह मांग तब और तेज हो गई जब पूर्व राजा ज्ञानेंद्र शाह ने 19 फरवरी को लोकतंत्र दिवस पर एक वीडियो संदेश जारी कर सार्वजनिक समर्थन की अपील की थी। नेपाल सरकार के गृह मंत्रालय और जिला प्रशासन कार्यालय, काठमांडू ने स्थिति को देखते हुए कर्फ्यू लगाने का आदेश जारी किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

Recent News
Related