मणिपुर के बिष्णुपुर जिला में एक बार फिर हिंसा की भयावह घटना सामने आई है। सोमवार देर रात संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने एक घर पर बम से हमला कर दिया, जिसमें दो मासूम बच्चों की जान चली गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
यह दर्दनाक घटना मोइरांग ट्रोंग्लाओबी इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि एक बम सीधे एक आम नागरिक के घर पर आ गिरा। उस समय घर के अंदर एक पांच साल का बच्चा, छह महीने की बच्ची और उनकी मां सो रहे थे। अचानक हुए जोरदार धमाके में दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
जिस इलाके में यह हमला हुआ, वह निचले क्षेत्र में स्थित है और चुराचांदपुर के पहाड़ी इलाकों के बेहद करीब है। यह क्षेत्र पहले भी 2023 और 2024 के दौरान हुई जातीय हिंसा में लगातार तनाव और गोलीबारी का केंद्र रहा है।
इस घटना के बाद इलाके में एक बार फिर भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।




