
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एसआईआर को लेकर एक बार फिर भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि जहां–जहां एसआईआर हो रहा है, वहां–वहां वोट चोरी देखी जा सकती है। इतना ही नहीं जहां भाजपा को हार दिखती है, वहां वोटर ही सिस्टम से गायब कर दिया जा रहा है।
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि जहां–जहां एसआईआर, वहां–वहां वोट चोरी। गुजरात में एसआईआर के नाम पर जो कुछ किया जा रहा है, वह किसी भी तरह की प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है। यह सुनियोजित, संगठित और रणनीतिक वोट चोरी है। सबसे चौंकाने वाली और खतरनाक बात यह है कि एक ही नाम से हजारों–हजार आपत्तियां दर्ज की गईं। राहुल गांधी ने कहा कि चुन–चुनकर खास वर्गों और कांग्रेस समर्थक बूथों के वोट काटे गए। जहां भाजपा को हार दिखती है, वहां मतदाता ही सिस्टम से गायब कर दिए जाते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि एसआईआर को एक व्यक्ति, एक वोट के संवैधानिक अधिकार को खत्म करने के हथियार में बदल दिया गया है ताकि जनता नहीं, भजापा तय करे कि सत्ता में कौन रहेगा। सबसे गंभीर सच्चाई यह है कि चुनाव आयोग अब लोकतंत्र का रक्षक नहीं, बल्कि इस वोट चोरी की साजिश का मुख्य सहभागी बन चुका है।
गुजरात कांग्रेस ने पोस्ट किए दस्तावेज
गुजरात कांग्रेस ने एक्स की पोस्ट में जिलेवार लिस्ट भी जारी की है। कांग्रेस का आरोप है कि नेता विपक्ष राहुल गांधी द्वारा वोट चोरी का खुलासा होने के बाद भाजपा ने उसका नेक्स्ट लेवल चुनाव चोरी का मॉडल अपना लिया है। चुनाव चोरी मतलब आपके वोट अधिकार की चोरी। इसका नया खेल गुजरात में सामने आया है। नियमानुसार चुनाव आयोग ने एसआईआर के बाद ड्राफ्ट लिस्ट जारी कर आपत्तियां लेना शुरू किया और 18 जनवरी अंतिम तारीख घोषित कर दी। 15 जनवरी तक गिनी–चुनी आपत्तियां आई लेकिन असली खेल उसके बाद शुरू हुआ, षडयंत्र के तहत अचानक लाखों आपत्तियां ( फॉर्म 7) जमा करा दी जाती है।



