इंदौर। इसी साल 30 जनवरी को काफी जद्दोजहद के बाद इंदौर नगर अध्यक्ष पद पर सुमित मिश्रा की नियुक्ति हुई थी। तब से वे लगातार काम तो कर रहे थे, लेकिन पदभार ग्रहण नहीं किया था। उनकी जिद थी कि जब तक सीएम डॉ.मोहन यादव भाजपा कार्यालय में नहीं आएंगे, तब तक वे पदभार ग्रहण नहीं करेंगे। आज सुमित मिश्रा का इंतजार खत्म हुआ, न केवल सीएम भाजपा कार्यालय में आए, बल्कि बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में उनकी ताजपोशी भी हो गई।
बिहार दिवस पर पूरे देश में भाजपा ने कार्यक्रम आयोजित किए थे, लेकिन इंदौर का कार्यक्रम काफी सफल रहा। इसमें काफी संख्या में इंदौर में रहने वाले बिहार के निवासियों को बुलाया गया था और इस कार्यक्रम के लिए नगर अध्यक्ष के नाते सुमित मिश्रा दिन-रात लगे रहे। इसी का परिणाम है कि कार्यक्रम के बाद न केवल सीएम यादव बल्कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद भी तारीफ करने से नहीं चूके।
सीएम बोले-झांकी जमा कर जा रहा हूं
कार्यक्रम जब समाप्त हो गया और सीएम जाने लगे तो उन्होंने वहां उपस्थित सभी नेताओं के सामने कहा-तेरी झांकी जमा कर जा रहा हूं। आज तुम्हारे लिए ही सिंगल कार्यक्रम में इंदौर आया हूं। तू चिन्ता मत कर। मुझे भरोसा है कि तू सबको साथ लेकर चलेगा।
रविशंकर प्रसाद की बात सुन सारे नेता रह गए दंग
पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा-इससे बढ़िया ताजपोशी आज तक किसी जिला अध्यक्ष की नहीं हुई होगी। इतने बड़े कार्यक्रम में ताजपोशी होनी बड़ी बात है। जब सीएम और रविशंकर प्रसाद यह चर्चा कर रहे थे उस समय मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, मधु वर्मा, सांसद शंकर लालवानी सहित अन्य नेता मौजूद थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री की बात सुन सब दंग रह गए।
सुमित मिश्रा को मिलेगा सीएम का बल
आज के कार्यक्रम से यह स्पष्ट हो गया है कि सुमित मिश्रा को अब सीएम की ताकत मिलेगी। भले ही सुमित को लंबा इंतजार करना पड़ा, लेकिन सीएम ने सिंगल कार्यक्रम इंदौर में रख कर उनकी अहमियत बता दी है।


