नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बुधवार को केरल की वामपंथी पार्टियों पर जमकर हमला बोला। थरूर ने कहा कि ये पार्टियां एक दिन 21वीं सदी में जरूर प्रवेश करेंगी, लेकिन ये 22वीं सदी में ही हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जब देश में मोबाइल और कंप्यूटर आया था, तब भी इन्हीं पार्टियों ने इसका विरोध किया था।
उल्लेखनीय है कि थरूर का यह बयान मंगलवार को केरल विधानसभा में पारित हुए केरल स्टेट प्राइवेट यूनिवर्सिटीज विधेयक 2025 को लेकर आया है। केरल विधानसभा में केरल स्टेट प्राइवेट यूनिवर्सिटीज विधेयक 2025 पर विस्तृत चर्चा हुई और इसके बाद विधेयक को मंजूरी दे दी गई। इसके तहत केरल में अब निजी विश्वविद्यालय भी स्थापित हो सकेंगे। थरूर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि तो केरल की एलडीएफ सरकार ने आखिरकार सही काम किया है और राज्य में निजी विश्वविद्यालयों को खोलने की इजाजत दे दी है। हमेशा की तरह, यह फैसला 15-20 साल की देरी से आया है, जो कि अक्सर 19वीं सदी की सोच वाले लोगों के साथ होता है। थरूर ने लिखा कि मत भूलिए, जब भारत में पहली बार कंप्यूटर्स आए थे, तो वामपंथी गुंडे उन्हें तोड़ने के लिए सरकारी कार्यालयों में घुस गए थे। देश में मोबाइल और टेलीफोन का विरोध करने वाली भी यही वामपंथी पार्टी थी। उन्हें ये समझने में वर्षों लग गए कि इनके असल लाभार्थी आम आदमी ही हैं, जिनके लिए बोलने का ये दावा करते हैं।


