भुवनेश्वर। ओडिशा से रविवार को एक बड़े हादसे की खबर है। यहां बेंगलुरु और असम के बीच चलने वाली कामाख्या एक्सप्रेस के 11 एसी कोच पटरी से उतर गए। यह दुर्घटना चौद्वार इलाके के मंगुली पैसेंजर हॉल्ट के पास हुई है। रेलवे की टीम मौके पर पहुंच गई है। इस दुर्घटना में सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
इस दुर्घटना के बाद नीलाचल एक्सप्रेस, धौली एक्सप्रेस, पुरुलिया एक्सप्रेस का रूट डायवर्ट कर दिया गया है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। मेडिकल टीम, एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड कर्मचारी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। ईस्ट कोस्ट रेलवे के सीपीआरओ अशोक कुमार मिश्रा के अनुसार हमें कामाख्या एक्सप्रेस (15551) के कुछ डिब्बों के पटरी से उतरने की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि अभी तक हमें जानकारी मिली है कि 11 एसी डिब्बे पटरी से उतरे हैं। कोई भी घायल नहीं हुआ है। सभी यात्री सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही ये पता चलेगा कि आखिर ये घटना कैसे हुई। रेलवे मार्ग पर प्रतीक्षा कर रही ट्रेनों को डायवर्ट कर यातायात सुचारू करने में जुटा है।


