कोलकाता। वक्फ कानून के खिलाफ पिछले कई दिनों से पश्चिमं बंगाल के विभिन्न जिलों में हिंसा जारी है। आज दक्षिण 24 परगना के भांगड़ में प्रदर्शनकारियों ने जमकर उत्पात मचाया। पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ करने के साथ ही आग भी लगा दी।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में बीते कुछ दिनों से वक्फ कानून के विरोध में हिंसा जारी है। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में सोमवार को आईएसएफ विधायक नौशाद सिद्दीकी वक्फ कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे, जिसमें शामिल होने के लिए प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोका। नौशाद सिद्दीकी की रैली कोलकाता के रामलीला मैदान में हुई। पुलिस का कहना है कि इस रैली के लिए पुलिस की अनुमति नहीं थी। इसके बाद प्रदर्शनकारी उग्र हो गए थे और बैरमपुर में सड़क पर जाम लगा दिया था, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया था।
पश्चिम बंगाल के सीपीआई (एम) राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने कहा कि काफी मशक्कत के बाद मैं उस जगह पर पहुंच पाया, जहां सारी हिंसा हुई और लोग मारे गए. वहां पुलिस मौजूद नहीं थी। गांव वालों के बार–बार अनुरोध के बावजूद पुलिस ने दंगाइयों को उत्पात मचाने दिया। पूरा गांव जला दिया गया, तबाह कर दिया गया, लूट लिया गया और वहां कोई पुलिस या दमकल की गाड़ी नहीं थी।
नौशाद सिद्दीकी ने भाजपा पर लगाए आरोप
कोलकाता में सभा को संबोधित करते हुए नौशाद सिद्दीकी ने वक्फ संशोधन अधिनियम की आलोचना की और इसे वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह कानून सिर्फ मुसलमानों पर हमला नहीं है, यह संविधान पर हमला है। हम इस अधिनियम को स्वीकार नहीं करेंगे। ऐसे कानूनों का समर्थन करने वाली सरकार को जाना चाहिए।


