बंगाल के बाद असम पहुंचे पीएम मोदी, गुवाहाटी में किया रोड शो, घुसपैठियों के बहाने कांग्रेस पर साधा निशाना

Date:

गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के बाद असम के दौरे पर पहुंचे। वहां उन्होंने रोड शो किया। इसके बाद घुसपैठियों का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस पर वार किया। पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार के प्रयासों का नतीजा आज सबके सामने है। उन्होंने कहा कि असम में शांति, विकास और आत्मविश्वास लौट रहा है। खासकर बोडो समाज के युवाओं में नई ऊर्जा दिखाई दे रही है, जो अब सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि पूरे असम के विकास के लिए काम कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि आज बोडो समाज के युवा असम के सांस्कृतिक दूत बन रहे हैं। खेल के मैदान से लेकर कला और संस्कृति तक, बोडो समाज के बेटेबेटियां देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये युवा नए विश्वास के साथ बड़े सपने देख रहे हैं और उन्हें पूरा भी कर रहे हैं। पीएम मोदी के मुताबिक, बोडो समाज की यह प्रगति असम को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभा रही है।

असम की संस्कृति पर कांग्रेस को तकलीफ

पीएम मोदी ने कहा कि जब भी असम की कला, संस्कृति और पहचान का सम्मान किया जाता है, कांग्रेस को तकलीफ होती है। उन्होंने सवाल किया कि भूपेन हजारिका को भारत रत्न देने का विरोध किसने किया था। जवाब खुद कांग्रेस है। पीएम मोदी ने कहा कि जब वे असम की संस्कृति से जुड़ी कोई चीज पहनते हैं, जैसे गमोछा, तो कांग्रेस उसका मजाक उड़ाती है। यह दिखाता है कि कांग्रेस को असम की पहचान कभी स्वीकार नहीं रही।

कांग्रेस को पूर्वोत्तर का विकास कभी रास नहीं आया

पीएम मोदी ने कहा कि असम में सेमीकंडक्टर यूनिट लगने का विरोध भी कांग्रेस ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की कर्नाटक सरकार के एक मंत्री, जो कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे हैं, ने सवाल उठाया कि यह यूनिट असम में क्यों लग रही है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को पूर्वोत्तर का विकास कभी रास नहीं आया, इसलिए वह हर बड़े प्रोजेक्ट का विरोध करती रही है।

कांग्रेस को विदेशी घुसपैठिए पसंद

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने सियासी फायदे के लिए असम में अस्थिरता पैदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को विदेशी घुसपैठिए पसंद हैं, क्योंकि वे उनका कट्टर वोट बैंक बन जाते हैं। कांग्रेस के शासन में घुसपैठिए आते रहे, असम की लाखों बीघा जमीन पर कब्जा करते रहे और सरकारें मूकदर्शक बनी रहीं। पीएम मोदी ने कहा कि यही वजह रही कि असम लंबे समय तक हिंसा और अशांति से जूझता रहा।

Ardhendu Bhushan (Consulting Editor)
Ardhendu Bhushan (Consulting Editor)http://www.hbtvnews.com
Ardhendhu Bhushan is a senior consulting editor with extensive experience in the media industry. He is recognized for his sharp editorial insight and strategic guidance.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

Recent News
Related