
जी-7 शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी और कनाडाई पीएम मार्क कार्नी की मुलाकात, द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने पर चर्चा
कनाडा के निमंत्रण पर जी-7 शिखर सम्मेलन में पहुंचे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से मुलाक़ात की। इस मुलाक़ात को दोनों देशों के बीच संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
पीएम मोदी ने इस मुलाक़ात की जानकारी एक्स पर साझा करते हुए लिखा,
“प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ शानदार बैठक हुई। जी-7 शिखर सम्मेलन की सफल मेज़बानी के लिए उन्हें और कनाडा सरकार को बधाई दी। भारत और कनाडा लोकतंत्र, स्वतंत्रता और क़ानून के शासन में दृढ़ विश्वास से जुड़े हुए हैं। प्रधानमंत्री कार्नी और मैं, भारत-कनाडा मैत्री को गति देने के लिए मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं। व्यापार, ऊर्जा, अंतरिक्ष, स्वच्छ ऊर्जा, खनिज, उर्वरक और अन्य क्षेत्रों में इस सहयोग की अपार संभावनाएं हैं।”
कनाडा सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि इस बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के देशों में नए उच्चायुक्तों को नामित करने पर सहमति जताई है। यह कदम द्विपक्षीय कूटनीतिक संवाद को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



