पीयूष गोयल का बयान: ‘सिर पर बंदूक रखकर डील नहीं करते’ — अमेरिका के साथ ट्रेड वार्ता पर बड़ा बयान
जर्मनी में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिका के साथ चल रही ट्रेड डील पर कहा कि भारत जल्दबाज़ी या दबाव में निर्णय नहीं लेता।
उन्होंने स्पष्ट कहा, हम अमेरिका से बातचीत कर रहे हैं, लेकिन हम जल्दबाज़ी में सौदे नहीं करते। हम डेडलाइन के साथ या सिर पर बंदूक रखकर डील नहीं करते।”
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत लंबे समय के दृष्टिकोण से फैसले करता है। उन्होंने बताया, भारत कभी भी मौके़ के दबाव में निर्णय नहीं लेता। अगर हम पर कोई टैरिफ है तो हम उससे निपटने के तरीके खोज रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि भारत नए बाज़ारों की तलाश में है और देश की 1.4 अरब की मजबूत आबादी के चलते घरेलू मांग को और सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि,हम जानते हैं कि आज से 20-25 साल बाद भारत 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा। हमें भविष्य को ध्यान में रखते हुए अपने देश के लिए सर्वश्रेष्ठ डील करनी होगी।”
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने हाल ही में भारत से आने वाले उत्पादों पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाया है। पहले से लागू 25 प्रतिशत के साथ अब कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लागू हो गया है।


