कटरा में वंदे भारत उद्घाटन पर पीएम मोदी के बयान से पाकिस्तान नाराज़, विदेश मंत्रालय ने दी तीखी प्रतिक्रिया
जम्मू-कश्मीर के कटरा में वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पहलगाम आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान को ज़िम्मेदार ठहराए जाने पर पाकिस्तान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर पीएम मोदी की टिप्पणियों को “भ्रामक और निराधार” करार दिया।
पीएम मोदी का हमला: “इंसानियत और कश्मीरियत पर प्रहार”
प्रधानमंत्री मोदी ने कटरा और श्रीनगर को जोड़ने वाली वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन करते हुए कहा था कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुआ आतंकी हमला “इंसानियत और कश्मीरियत” पर एक बड़ा हमला है। उन्होंने यह भी कहा कि इस हमले का उद्देश्य भारत में सांप्रदायिक तनाव और दंगे भड़काना था।
पाकिस्तान का पलटवार: “झूठे आरोप और ध्यान भटकाने की कोशिश”
प्रधानमंत्री के इस बयान पर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा,पाकिस्तान भारत के अवैध कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर की स्थिति को लेकर भारत के प्रधानमंत्री की ओर से की गई भ्रामक और निराधार टिप्पणियों को पूरी तरह खारिज करता है।”
बयान में आरोप लगाया गया कि इस तरह की टिप्पणियाँ भारत के कब्जे वाले क्षेत्र में हो रहे गंभीर और लगातार मानवाधिकार उल्लंघनों से अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान भटकाने का प्रयास हैं।”
सबूत न देने का आरोप
पाकिस्तान ने इस बात पर असंतोष जताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर पहलगाम हमले के लिए पाकिस्तान को ज़िम्मेदार ठहराया, लेकिन इसके समर्थन में कोई ठोस और भरोसेमंद सबूत प्रस्तुत नहीं किया।
कश्मीर पर पाकिस्तान का रुख दोहराया
अपने बयान में पाकिस्तान ने एक बार फिर यह दोहराया कि कश्मीर एक अंतरराष्ट्रीय रूप से मान्यता प्राप्त विवादित क्षेत्र है, जिसका अंतिम समाधान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों और कश्मीरी जनता की इच्छाओं के अनुसार किया जाना चाहिए।”
यह विवाद एक बार फिर दिखाता है कि पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच राजनयिक तनाव और बढ़ गया है, और कश्मीर मुद्दा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिर से सुर्खियों में आ गया है।


