पुंछ में आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़, एलओसी पर पाकिस्तान की लगातार गोलीबारी से बढ़ा तनाव
जम्मू-कश्मीर के पुंछ ज़िले में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है। पुंछ के सुरनकोट सेक्टर के हरि मारोटे गांव में पुलिस ने एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया है, जहां से पांच IED बरामद किए गए हैं। पुंछ पुलिस ने इस अभियान की जानकारी साझा की।

इस कार्रवाई के बीच, पहलगाम आतंकी हमले के बाद से नियंत्रण रेखा (LoC) पर पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम उल्लंघन की घटनाएं लगातार जारी हैं। 04-05 मई 2025 की रात को भी पाकिस्तान ने बिना किसी उकसावे के कुपवाड़ा, बारामुल्ला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टरों में गोलीबारी की।
भारतीय सेना ने इसका तत्काल और उचित जवाब दिया। अधिकारियों के अनुसार, ये घटनाएं पहलगाम आतंकी हमले और भारत की सिंधु जल संधि को निलंबित करने के बाद पाकिस्तान द्वारा बढ़ाए गए तनाव का हिस्सा हैं।
गौरतलब है कि रविवार की रात पाकिस्तान ने लगातार 11वीं बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया, खासतौर पर पुंछ ज़िले के कृष्णा घाटी, सलोत्री और खड़ी क्षेत्रों में भारतीय अग्रिम चौकियों को निशाना बनाया गया।
सूत्रों के मुताबिक, इस बार संघर्षविराम उल्लंघन पीर पंजाल रेंज के उत्तर और दक्षिण दोनों क्षेत्रों में हुआ है, जो अब तक की घटनाओं से थोड़ा अलग और ज्यादा व्यापक है। साथ ही, जम्मू के परगवाल सेक्टर में भी हाल ही में गोलीबारी हुई, जो सामान्यतः शांत क्षेत्र माना जाता है।


