भारत–ईयू मुक्त व्यापार समझौते को रफ्तार: 8–9 जनवरी को ब्रसेल्स में मंत्री-स्तरीय वार्ता
भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को जल्द अंतिम रूप देने के प्रयास तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में 8 और 9 जनवरी को ब्रसेल्स में मंत्री-स्तरीय वार्ता आयोजित की जाएगी। इस दौरान वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, ईयू के व्यापार और आर्थिक सुरक्षा आयुक्त मारोस शेफचोविच से मुलाकात करेंगे।
वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक, इन बैठकों का उद्देश्य लंबित मुद्दों पर मतभेदों को कम करना, वार्ता को स्पष्ट रणनीतिक दिशा देना और एक महत्वाकांक्षी तथा संतुलित समझौते को गति प्रदान करना है।
यह उच्चस्तरीय बातचीत हाल ही में ब्रसेल्स में हुई बैठकों की निरंतरता है, जिनमें वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल और यूरोपीय आयोग की व्यापार महानिदेशक साबीन वेयांड शामिल थीं। इन प्रयासों से भारत–ईयू व्यापार संबंधों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



