अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अहमदाबाद में मारुति सुजुकी के इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) प्लांट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि अब दुनिया के दर्जनों देशों में जो ईवी चलेंगी, उस पर मेड इन इंडिया लिखा होगा। उन्होंने कहा कि भारत की मेक इन इंडिया यात्रा में एक नया अध्याय जुड़ रहा है। मेक इन इंडिया, मेक फॉर वर्ल्ड हमारे उस लक्ष्य की ओर एक बड़ी छलांग है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज से भारत में बनी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स 100 देशों को एक्सपोर्ट की जाएंगी। इसके साथ ही आज हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोल मैन्युफैक्चरिंग की भी शुरुआत हो रही है। यह दिन भारत और जापान की दोस्ती को भी एक नया आयाम दे रहा है। पीएम ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। ऐसे समय में कोई भी राज्य पीछे नहीं रहना चाहिए। हर राज्य को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए। हिंदुस्तान आने वाले निवेशकों को इतना कन्फ्यूजन होना चाहिए कि वे सोचें, मैं इस राज्य में जाऊं या उस राज्य में। पीएम ने कहा कि आज सुज़ुकी जापान भारत में मैन्युफैक्चरिंग कर रही है और यहां बनी गाड़ियां वापस जापान को एक्सपोर्ट की जा रही हैं। यह भारत और जापान के रिश्तों की मजबूती का प्रतीक तो है ही, साथ ही भारत को लेकर ग्लोबल भरोसे को भी दर्शाता है।


