गुजरात के वडोदरा में गंभीरा पुल हादसा:, 13 की मौत,पीएम ने की मुआवाजे की घोषणा
गुजरात के वडोदरा जिले में बड़ा हादसा हुआ था , जब वडोदरा और आंणद जिलों को जोड़ने वाला महिसागर नदी पर बना गंभीरा पुल अचानक ढह गया था । यह दर्दनाक घटना पडरा क्षेत्र में घटी, जिसमें अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
हादसे के बाद से बचाव कार्य घंटों लगातार जारी रहा । गुजरात स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर मौजूद रहीं और गोताखोरों की मदद से नदी में फंसे लोगों की तलाश की गई
स्थानीय प्रशासन मशीनों और बोट की सहायता से मलबा हटाने में जुटा रहा । हादसे के समय पुल पर कई लोग और वाहन मौजूद थे। अचानक पुल का एक हिस्सा टूटकर नदी में गिर गया, जिससे अनेक वाहन और लोग भी नदी में समा गए।
तस्वीरों में पुल के दो खंभों के बीच का स्लैब पूरी तरह से गायब दिख रहा है। लगभग 900 मीटर लंबे इस पुल में कुल 23 खंभे हैं। पुल पर बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए सरकार ने तीन महीने पहले 212 करोड़ रुपये की लागत से एक नए पुल के निर्माण को मंजूरी दी थी। इसकी डिजाइनिंग और टेंडर प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “गुजरात के वडोदरा जिले में पुल गिरने की घटना बेहद दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।


