अहमदाबाद। गुजरात में पंचमहल जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल पावागढ़ में को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले मालवाहक रोप-वे के ढह जाने से 6 लोगों की मौत हो गई है।
बताया जाता है कि इस रोप-वे का इस्तेमाल मंदिर तक निर्माण सामग्री पहुंचाने के लिए किया जाता था। रोपवे का तार टूटने की वजह से ट्रॉली ऊंचाई से नीचे जमीन पर गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। इस दुर्घटना में 2 लिफ्ट ऑपरेटर, 2 कर्मचारी और 2 अन्य व्यक्तियों की मौत हो गई। हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पावागढ़ में महाकाली मंदिर तक जाने के लिए दो अलग–अलग रोपवे बने हैं। एक रोपवे श्रद्धालुओं लाने–ले जाने के लिए है, जबकि दूसरा रोपवे केवल सामान और निर्माण सामग्री ढोने के लिए तैयार किया गया है। हादसा इसी मालवाहक रोपवे में हुआ।

पहले भी टूट चुकी है रस्सी
उल्लेखनीय है कि पावागढ़ में इससे पहले 25 अगस्त 2023 को भी बड़ा हादसा होने से टला था। उस समय महाकाली मंदिर तक जाने वाली रोपवे की पिलर नंबर 4 की केबल बीच में ही टूट गई थी, जिससे 10 से ज्यादा यात्री हवा में बोगियों में फंस गए थे। हालांकि गनीमत रही कि सभी लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था।


