हैदराबाद। हैदराबाद के चारमीनार के पास एक इमारत में भीषण आग लग गई। इस घटना में 17 लोगों की मौत की खबर आ रही है। सभी मृतक आग में गंभीर रूप से घायल हुए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर शोक दु:ख व्यक्त किया है।
दमकल विभाग के अनुसार उन्हें आग लगने की सूचना सुबह साढ़े छह बजे मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 11 गाड़ियों को मौके के लिए रवाना कर दिया गया था। मौके पर 10 एंबुलेंस भी मौजूद थीं, जिनसे घायलों को तुरंत ही पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस और दमकल विभाग की शुरुआती जांच में जो बातें पता चली हैं उसके मुताबिक अंदेशा है कि ये आग एसी में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से लगी है।
बताया जाता है कि जिस इमारत में आग लगी है वो हैदराबाद के मीर चौक इलाके में है। इस घटना को लेकर केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं बहुत दुखद हैं। मैं केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी से बात करूंगा और इस घटना में मारे गए लोगों के परिवारों को आर्थिक मदद दिलाने की हर संभव कोशिश करूंगा। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अधिकारियों से राहत कार्य तेज करने व घायलों को सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने को कहा है।
इस हादसे को लेकर पीएम मोदी ने भी दुख जताया है। पीएम मोदी की तरफ इस घटना को लेकर एक एक्स पोस्ट भी किया गया है। इमें उन्होंने कहा कि आग में हुई मौतों से वह बहुत दुखी हैं। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। जबकि घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।




