अरविंद केजरीवाल पर पदयात्रा के दौरान हमला, आप ने कहा-जिंदा जलाने की हुई थी कोशिश, भाजपा ने नौटंकी बताया

Date:

नई दिल्ली। दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर शनिवार शाम को हमले की कोशिश हुई। किसी ने उन पर तरल पदार्थ फेंक दिया। इसको लेकर सियासत तेज हो गई है। मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। इधर, भाजपा ने इसे केजरीवाल की पुरानी नौटंकी करार दिया है।

दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके में शनिवार शाम जब अरविंद केजरीवाल पदयात्रा कर रहे थे। तभी भीड़ के बीच से अचानक एक शख्स आया और उसने केजरीवाल पर तरल पदार्थ फेंकने की कोशिश की। अपने ऊपर हमला होता देख केजरीवाल तुरंत पीछे हट गए और अपने बच गए। वहां मौजूद पुलिस और बाकी सुरक्षा टीम ने उसे पकड़ लिया

आतिशी ने भाजपा पर किया वार

दिल्ली की सीएम आतिशी ने कहा कि आज दिन दहाड़े भाजपा के कार्यकर्ता ने अरविंद केजरीवाल पर हमला किया। दिल्ली का चुनाव तीसरी बार हारने की बौखलाहट भाजपा में दिख रही है। भाजपा वालों: दिल्ली के लोग ऐसी घटिया हरकतों का बदला लेंगे। पिछली बार 8 सीटें आयीं थी, इस बार दिल्ली वाले भाजपा को जीरो सीट देंगे।

सिसोदिया ने कहा-कायराना हमला

मनीष सिसोदिया ने कहा कि कल दिल्ली की बिगड़ती क़ानून व्यवस्था पर अरविंद केजरीवाल जी ने आवाज़ उठाई और आज ही उनपर कायराना हमला किया गया। ये बेहद निंदनीय है। लोकतांत्रिक राजनीति में हिंसा की कोई जगह नहीं है। अरविंद केजरीवाल जी के साथ करोड़ों लोगों का आशीर्वाद है।

भारद्वाज ने कहा-जिंदा जलाने की कोशिश

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने एक प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि हमले के समय मैं केजरीवाल जी के साथ था। एक आदमी ने उनके ऊपर स्प्रिट फेंकी और उनको जिंदा जलाने की कोशिश की गई। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उसके एक हाथ में स्प्रिट और दूसरे हाथ में माचिस थी। अरविंद केजरीवाल और मेरे ऊपर स्प्रिट गिरी। वो स्पीट तो फेंक पाए लेकिन आग नहीं लगा पाए। ये बहुत ही गंभीर बात है।

भाजपा ने कहा- राजनीतिक नौटंकी

इस हमले को लेकर दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि यह राजनीतिक नौटंकी है। मैंने पहले ही कहा था कि वे अब अपने ऊपर स्याही फिंकवाएंगे। थप्पड़ मरवाएंगे। सिर्फ पानी फेंका गया है। पकड़ा गया आदमी नशे में था और आप का कार्यकर्ता है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि केजरीवाल से दिल्ली के लोग बहुत ही दुखी और नाराज हैं। हालांकि यह जांच का विषय है। यह लोग तो ड्रामा के चरम पर हैं, ड्रामा किंग है। इसकी जांच होनी चाहिए।

Ardhendu Bhushan (Consulting Editor)
Ardhendu Bhushan (Consulting Editor)http://www.hbtvnews.com
Ardhendhu Bhushan is a senior consulting editor with extensive experience in the media industry. He is recognized for his sharp editorial insight and strategic guidance.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

Recent News
Related