पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज बिहार में थे। पूर्णिया के वनमखी में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि थोड़ी सी गलती हुई तो जंगलराज वापस आ जाएगा। गृह मंत्री ने कहा कि लालू की पार्टी शहाबुद्दीन के बेटे को टिकट दिया और शहाबुद्दीन के लिए अमर रहे का नारा लगाया। तेजस्वी यादव कान खोलकर सुन लो अब बिहार की धरती पर शहाबुद्दीन और ओसामा की जगह नहीं रही।
अमित शाह ने कहा कि दिनदहाड़े यहां पर एमएलए की हत्या हुई थी। नीतीश कुमार ने जंगलराज समाप्त कर दिया है। अब यह जंगलराज नए चेहरे के साथ, नए भेष बदलकर वापस आ रहा है। इसलिए कमल छाप पर बटन दबाइए और एनडीए को जिताने का काम कीजिए। शाह ने कहा कि अभी–अभी राहुल बाबा और लालू का बेटा ‘घुसपैठिया बचाओ‘ यात्रा लेकर निकले थे। वो चाहते हैं कि सीमांचल घुसपैठियों का गढ़ बने।
घुसपैठियों से सीमांचल को मुक्त कराएंगे
गृहमंत्री ने कहा कि ये घुसपैठिए हमारे युवाओं की नौकरी छीन लेते हैं, गरीबों के राशन में हिस्सेदारी लेते हैं और देश को भी असुरक्षित करते हैं। मैं आज सीमांचल के पूर्णिया में, बनमनखी में कहकर जाता हूं कि हम न केवल घुसपैठियों को निकालेंगे, बल्कि उन्होंने जो अतिक्रमण किया है उनको भी पूरा जमींदोज करके सीमांचल की भूमि से मुक्त कराएंगे।
पहले चरण में ही लालू और राहुल का सूपड़ा साफ
अमित शाह ने कहा कि इस चुनाव में दो खेमे लगे हैं– एक ओर बिखरा हुआ ठगबंधन है और दूसरी ओर पांच पांडवों की तरह एनडीए है। आधे बिहार ने वोट डाल दिए हैं। पहले चरण के चुनाव में लालू और राहुल की पार्टी का सूपड़ा साफ हो चुका है। बिहार में 160 से ज्यादा सीटों के साथ एनडीए की सरकार बनने वाली है। मोदी जी और नीतीश जी के नेतृत्व में बिहार बहुत आगे बढ़कर एक विकसित राज्य बनने जा रहा है।


