चिराग पासवान बोले—विधानसभा चुनाव लड़ना कोई अजूबा नहीं, फैसला केंद्रीय बोर्ड करेगा
लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा है कि यदि वे विधानसभा चुनाव लड़ते हैं तो इसमें कुछ भी असामान्य नहीं है, क्योंकि इससे पहले भी कई केंद्रीय मंत्री ऐसा कर चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे चुनाव लड़ेंगे या नहीं, और यदि लड़ेंगे तो कहां से लड़ेंगे—इसका निर्णय केंद्रीय संसदीय बोर्ड करेगा।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग ने कहा कि उनके चुनाव लड़ने को लेकर एनडीए के ही कुछ घटक दलों द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई असमंजस नहीं है। अगली बार भी नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे, और पहले से अधिक विधायकों के समर्थन के साथ बनेंगे।”
अपराध पर चिंता जताई, विपक्ष पर साधा निशाना
राज्य में बढ़ती अपराध की घटनाओं को लेकर चिराग पासवान ने कहा अपराध में वृद्धि चिंता का विषय है। हमने अपनी चिंता जाहिर की है और आगे भी इस पर चर्चा करेंगे। विपक्ष को इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। हमारे लिए संतोष की बात यह है कि पुलिस सक्रिय होकर अपराधियों की धरपकड़ कर रही है।
राज्य सरकार में भूमिका को लेकर दी सफाई
चिराग ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी के पास कोई विधायक नहीं है, इसलिए राज्य सरकार की नीतियों के निर्धारण में लोजपा (रा) की कोई सीधी भूमिका नहीं है। फिर भी वे एनडीए के घटक दल के रूप में सरकार का समर्थन करते हैं।
राहुल गांधी पर निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “सरेंडर मोदी” कहने पर राहुल गांधी की आलोचना करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि राहुल को प्रधानमंत्री पर व्यक्तिगत टिप्पणियों से बचना चाहिए। ऐसी बयानबाज़ी संसदीय मर्यादा के अनुकूल नहीं है।”



