बिहार चुनाव से पहले तेजस्वी यादव का 20 सूत्रीय प्लान, कहा– “20 साल का काम 20 महीने में कर दिखाएंगे”
बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज़ हो चुकी है। इस बीच विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 साल के शासन को चुनौती देते हुए एक 20 सूत्रीय प्लान पेश किया है। तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर जारी करते हुए दावा किया कि जो कार्य नीतीश सरकार 20 वर्षों में नहीं कर पाई, वह उन्हें 20 महीनों में पूरा करके दिखाएंगे।

हालांकि गठबंधन दलों का औपचारिक चुनावी घोषणापत्र अभी जारी नहीं हुआ है, लेकिन तेजस्वी यादव की इस योजना ने राज्य की राजनीति में गर्माहट ला दी है।
तेजस्वी यादव के 20 सूत्रीय वादे इस प्रकार हैं:
- बिहार में डोमिसाइल नीति लागू की जाएगी
- 65% आरक्षण लागू किया जाएगा
- युवाओं को नौकरी और रोजगार दिलाया जाएगा
- युवा आयोग का गठन किया जाएगा
- प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म निशुल्क भरे जाएंगे
- परीक्षा पेपर लीक पर पूरी तरह से रोक लगेगी
- “माई-बहिनों” के खातों में हर महीने ₹2500 भेजे जाएंगे
- सामाजिक पेंशन ₹1500 प्रति माह दी जाएगी
- ₹500 में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा
- 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी
- ताड़ी को शराबबंदी के दायरे से बाहर किया जाएगा
- बेटियों के लिए नई योजना लागू की जाएगी
- महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी
- शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा
- भ्रष्टाचार पर सख्त नियंत्रण किया जाएगा
- स्वास्थ्य सुविधाएं सुगम और सुलभ की जाएंगी
- राज्य में नए निवेश आकर्षित किए जाएंगे
- उद्योग-धंधों को बढ़ावा दिया जाएगा
- पलायन पर रोक लगाने के उपाय किए जाएंगे
- पर्यटन उद्योग को विकसित किया जाएगा
तेजस्वी यादव के इस घोषणात्मक अंदाज़ को आगामी चुनावी रणनीति का ट्रेलर माना जा रहा है, जिससे वे युवाओं, महिलाओं और पिछड़े वर्गों को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहे हैं। अब देखना होगा कि नीतीश कुमार और एनडीए इस चुनौती का क्या जवाब देते हैं।




