मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच सऊदी अरब में भारतीयों के लिए चेतावनी, दूतावास ने जारी की अहम सलाह
मध्य-पूर्व में बढ़ते संघर्ष और क्षेत्र के मौजूदा हालात को देखते हुए सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है।
दूतावास ने भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने, सुरक्षा से जुड़े सभी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने और स्थानीय प्रशासन तथा दूतावास द्वारा दी गई सलाह का पालन करने को कहा है।
अधिकारियों ने विशेष रूप से भारतीयों से अपील की है कि वे मौजूदा हालात से जुड़ा कोई भी वीडियो या खबर साझा करने या दोबारा प्रसारित करने से बचें।
मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के बीच खाड़ी देशों ने हमलों से जुड़ी मीडिया रिपोर्टिंग और सामाजिक माध्यमों पर पोस्ट को लेकर कड़े नियम लागू किए हैं। इनमें उन स्थानों की तस्वीरें या वीडियो साझा करने पर पूरी तरह रोक शामिल है जो ईरानी हमलों का निशाना बने हों।
भारतीय दूतावास ने यह भी बताया है कि सऊदी अरब से भारत के लिए दोनों देशों की विमान सेवाएं अपनी नियमित उड़ानें जारी रखे हुए हैं। भारत लौटने के इच्छुक नागरिक इन उड़ानों का उपयोग कर सकते हैं।
उधर सऊदी अरब सहित खाड़ी के कई देशों पर रविवार को भी हमले जारी रहे। सऊदी अरब की राजधानी रियाद के पास स्थित प्रिंस सुल्तान वायु अड्डे को ईरान ने कई मिसाइल और बिना चालक वाले विमानों से निशाना बनाया।




