मुंबई। कैप्टन कूल के नाम से मशहूर एमएस धोनी अब एक्टर आर माधवन के साथ एक फिल्म में नजर आएंगे। रविवार को आर माधवन ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की, जिसे उन्होंने वासन बाला की ‘द चेज‘ का टीजर बताया। उसमें माधवन के साथ एमएस धोनी एक साथी टास्क फोर्स अधिकारी के रूप में नजर आ रहे थे। हालांकि, माधवन ने यह नहीं बताया कि यह फिल्म है, सीरीज है या कुछ और।
टीजर में आर माधवन और धोनी टास्क फोर्स ऑफिसर के रूप में एक मिशन पर निकले दो फाइटर के रूप में नजर आ रहे हैं। वीडियो क्लिप शेयर करते हुए, माधवन ने कैप्शन दिया–एक मिशन। दो लड़ाके। सीट बेल्ट लगा लो – एक जबरदस्त और धमाकेदार मिशन शुरू। द चेज टीजर अब रिलीज हो गया है। इंस्टाग्राम पर शेयर होते ही यह वीडियो वायरल हो गया। इससे पहले धोनी कई विज्ञापनों में नजर आ चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने तमिल फिल्म गोट में भी कैमियो किया था। टीजर को डायरेक्ट किया है वासन बाला ने, लेकिन सबसे बड़ा सस्पेंस यही है कि ये फिल्म है, वेब सीरीज़ है या कोई हाई–प्रोफाइल ऐड? अभी किसी ने कुछ साफ नहीं किया है। टीजर में माधवन भी धोनी के साथ नजर आते हैं। टीजर के अंत में बस लिखा है–कमिंग सून।


