निकोलस पूरन ने 29 की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया, लिखा भावुक संदेश
वेस्टइंडीज के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज़ निकोलस पूरन ने 29 वर्ष की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने मंगलवार को एक इमोशनल इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए यह खबर साझा की। पूरन ने अपने संन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि यह फैसला उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने इस पर काफी सोच-विचार के बाद निर्णय लिया है।

भावुक पोस्ट में पूरन ने जताया आभार
निकोलस पूरन ने अपनी पोस्ट में लिखा बहुत सोच-विचार और चिंतन के बाद मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। महरून जर्सी पहनना, राष्ट्रगान के लिए खड़ा होना और हर बार मैदान पर अपना सबकुछ झोंक देना मेरे लिए हमेशा एक गर्व का विषय रहा है।”
उन्होंने यह भी कहा कि वेस्टइंडीज टीम की कप्तानी करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा।
पूरन ने लिखा प्रशंसकों, परिवार, दोस्तों और टीम के साथियों का शुक्रिया, जिन्होंने इस सफर में मेरा साथ दिया। हालांकि अंतरराष्ट्रीय करियर का अध्याय अब समाप्त हो रहा है, लेकिन वेस्टइंडीज क्रिकेट के लिए मेरा प्यार हमेशा बना रहेगा।”
पूरन का अंतरराष्ट्रीय करियर
- वनडे मैच: 61
- रन: 1983
- औसत: 39.66
- शतक: 3
- अर्धशतक: 11
- विकेट: 6
- टी20 इंटरनेशनल मैच: 106
- रन: 2275
- औसत: 26.15
- स्ट्राइक रेट: 136.40
- अर्धशतक: 13
पूरन ने वेस्टइंडीज के लिए कभी टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला।
वह टी20 फॉर्मेट में वेस्टइंडीज के सबसे अधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं और इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन चुके हैं।
फ्रेंचाइजी क्रिकेट में जारी रहेगा सफर
हालांकि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया है, लेकिन पूरन का फ्रेंचाइजी क्रिकेट में सफर जारी रहेगा, जहां वह अभी भी दुनियाभर की विभिन्न लीगों में सक्रिय हैं।


