इंदौर। पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने सीएम डॉ.मोहन यादव को चिट्ठी लिखी है। इसमें उन्होंने उज्जैन में बन रहे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आश्चर्य जताते हुए लिखा है कि इंदौर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित है, इसके विस्तार के लिए जमीन नहीं मिल रही।
होलकर राजवंश ने किया था निर्माण
सुमित्रा महाजन ने अपने पत्र में लिखा है कि इंदौर विमान तल का निर्माण 1938 में होलकर राजवंश के समय किया गया था और आज वह प्रदेश का सबसे व्यस्त व एक मात्र अंतरराष्ट्रीय विमान तल है। समाचार पत्र में पढ़ा कि उज्जैन में अंतरराष्ट्रीय विमानतल बनेगा। बहुत अच्छी बात है अब धार्मिक पर्यटन बहुत बढ़ रहा है। हम अहिल्या माता के नगरवासी भाग्यशाली हैं एक तरफ बाबा महाकाल, दूसरे तरफ ओंकारेश्वर, ममलेश्वर और आने वाले सिंहस्थ को देखते हुए उज्जैन का सर्वांगीण विकास आवश्यक ही है। इसलिए आपका धन्यवाद।
👉 यह भी पढ़ें:
- ताई ने महापौर को लिखी चिट्ठी-शहर के विकास पर चर्चा करनी है, आपने कहा था स्वयं आएंगे, आपके पास समय नहीं तो मैं ही आ जाती हूं
- मेट्रो पर चल रही राजनीति के बीच ताई ने महापौर को लिखी चिट्ठी, एमजी रोड की जगह सुभाष मार्ग से अंडर ग्राउंड ट्रैक बनाने का सुझाव
- जनता के हित में फिर सक्रिय हुईं ताई, रेलवे को आज ही लिखी चिट्ठी, तुरंत पूरी हुई मांग
- पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन को लगी चोट..
रन वे विस्तार के लिए नहीं मिल रही जमीन
ताई ने लिखा है कि मेरा एक ही निवेदन है इंदौर एक प्रकार से आर्थिक औरऔद्योगिक राजधानी है और आप हमारे प्रभारी मंत्री हैं। हमने सालोंसाल मेहनत करके इंदौर को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित किया। मेरे संसदीय कार्यकाल में मैंने इसके विस्तार व उन्नयन के लिए काफी प्रयास किया। जिस के फलस्वरुप एटीएस टावर नया टर्मिनल भवन निर्मित हुआ।
सर्वे होने के बाद भी अब तक कार्रवाई नहीं
मेरे अनुरोध पर एक अतिरिक्त रनवे, टैक्सी पथ व पार्किंग की योजना विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा बनाई गई व राज्य शासन से आवश्यक जमीन की मांग की गई है। पार्किंग के लिए 2019 में ही जमीन की स्वीकृति दी गई परंतु रनवे विस्तार, समानांतर रनवे टैक्सी पथ के लिए आवश्यक सर्वे होने के उपरांत भी अभी शासन की ओर से आगे कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
जल्द उपलब्ध कराएं जमीन
ताई ने लिखा है कि भविष्य की दृष्टि से इंदौर और उसके पास बढ़ रही औद्योगिक परियोजनाओं तथा बढ़ते यातायात के लिए एयरपोर्ट का विकास शीघ्र किए जाने की आवश्यकता है। मैं आप से अनुरोध करना चाहूंगी कि विस्तार के लिए आवश्यक भूमि शीघ्र अति शीघ्र विमान पत्तन प्राधिकरण को हस्तांतरित की जावे ताकि विस्तार कार्य जल्द पूर्ण हो सके।



