0:00 left
इंदौर। हिंदू धर्म में बसंत पंचमी का काफी महत्व माना गया है। इस दिन कला,विद्या और बुद्धि की देवी मां सरस्वती की पूजा की जाती है। माघ मास के शुक्लपक्ष की पंचमी तिथि पर मनाया जाने वाला यह पर्व आज यानी 23 जनवरी को मनाया जा रहा है। इस दिन आप विधि विधान से मां सरस्वती की पूजा करें। इसके साथ ही कुछ उपाय कर लें तो आपके बच्चों और आपके परिवार पर मां सरस्वती की कृपा बनी रहेगी।
बसंत पंचमी को अबूझ मुहूर्त भी माना गया है। तमाम तरह के शुभ और धार्मिक–मांगलिक कार्यों के लिए यह दिन शुभ है। ऐसे में यदि आप किसी कार्य की नई शुरुआत करना चाहते हैं या फिर मांगलिक कार्य जैसे अन्नप्राशन, मुंडन, सगाई या फिर विवाह तो आप बेझिझक इस दिन कर सकते हैं। विवाह आदि की तरह यह दिन गृह प्रवेश के लिए भी अत्यंत ही शुभ माना गया है।
विद्यार्थी करें यह उपाय, मिलेगी सफलता
हर परिवार में विद्यार्थी रहते ही हैं। इनमें से कई प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी भी कर रहे होते हैं। अगर आप सफलता पाना चाहते हैं तो आपको बसंत पंचमी के दिन एक पीले रंग की बॉडी वाली कलम को मां सरस्वती के चित्र के सामने रखकर हल्दी, रोली, अक्षत आदि से पूजा करनी चाहिए। फिर उसे विद्या की देवी का आशीर्वाद मानकर अपने पास रख लेना चाहिए। जब परीक्षा या प्रतियोगिता में बैठना हो तो उसी कलम का प्रयोग करना चाहिए। माना जाता है कि इससे मां सरस्वती की कृपा बनी रहती है।
शिक्षा से जुड़ी वस्तुएं दान करने का महत्व
माना जाता है कि जो कोई व्यक्ति बसंत पंचमी के दिन मां गंगा, यमुना और सरस्वती के पावन संगम पर श्रद्धा और विश्वास के साथ तीन डुबकी लगाता है और तीनों देवियों का ध्यान करते हुए उनकी प्रार्थना, मंत्र जप और दान करता है उस पर धन की देवी की पूरी कृपा बरसती है। इस दिन किसी जरूरतमंद व्यक्ति को कलम, कॉपी या फिर उसकी पढ़ाई के लिए फीस आदि के लिए धन का दान करने से मां सरस्वती प्रसन्न होती हैं।
कला के साधकों के लिए भी है शुभ दिन
यदि आप गीत, संगीत या फिर अन्य किसी कला के साधक हैं तो आपको बसंत पंचमी के दिन तन और मन से पवित्र होने के बाद पीले रंग का वस्त्र धारण करना चाहिए। इसके बाद सरस्वती माता की पीले पुष्प, पीले वस्त्र, पीले फल, पीले मिष्ठा आदि को अर्पित करके विधि–विधान से पूजा करनी चाहिए। बसंत पंचमी के दिन अपने बच्चों के स्टडी रूम में मां सरस्वती की प्रतिमा अथवा मां सरस्वती का चित्र या फिर सरस्वती यंत्र को विधि–विधान से पूजा करवाकर स्थापित करना चाहिए।
बसंत पंचमी के दिन यह उपाय जरूर करें
बसंत पंचमी के दिन माता सरस्वती को सफेद कमल का फूल अर्पित करें। माना जाता है कि सफेद कमल माता सरस्वती को बहुत पसंद है। आप इस दिन अन्य पीले और सफेद रंग के फूल भी अर्पित कर सकते हैं। बसंत पंचमी के दिन पीले रंग के कपड़े पहनना बहुत शुभ माना जाता है। इससे नकारात्मका नष्ट होती है और आपका उत्साह बढ़ता है।
माता सरस्वती को चढ़ाएं यह प्रसाद
माता सरस्वती को बेसन के लड्डू, केसर की खीर, मालपुआ और बेर जरूर अर्पित करें। यह माता सरस्वती को प्रसन्न करने का सरल और प्रभावशाली उपाय है। ऐसा करने से माता सरस्वती अपने आशीर्वाद प्रदान करती हैं। प्रसाद में बेर चढ़ाना अत्यंत जरूरी माना जाता है।



