नैनीताल के ओल्ड लंदन हाउस में दोबारा आग, लाखों का नुकसान – शॉर्ट सर्किट की आशंका
ओल्ड लंदन हाउस में एक बार फिर आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। देर रात लगी इस आग में लाखों रुपये का नुकसान हुआ। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
👉 यह भी पढ़ें:

बताया जा रहा है कि आग रविवार देर रात ओल्ड लंदन हाउस के उस हिस्से में आग लगी जो 27 अगस्त को हुई पिछली आग में बच गया था। देखते ही देखते लपटें इतनी तेज हो गईं कि वे आसमान तक पहुंचने लगीं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की और फायर विभाग को सूचना दी। दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन फायर हाईड्रेंट में पानी का प्रेशर कम होने से आग बुझाने में मुश्किलें आईं। इससे नाराज स्थानीय लोगों ने मौके पर हंगामा भी किया।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस, दमकल कर्मियों और स्थानीय निवासियों की मदद से सुबह आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
गौरतलब है कि 27 अगस्त को इसी इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल पर लगी आग में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। दो महीने बाद उसी बिल्डिंग में फिर आग लगने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। आग की असली वजह का अब तक पता नहीं चल सका है।


