भारत और श्रीलंका के बीच नई फेरी सेवा की तैयारी, रामेश्वरम-तलाईमन्नार मार्ग पर चर्चा
भारत और श्रीलंका के बीच एक नई फेरी सेवा शुरू होने की संभावना है, जो तमिलनाडु के रामेश्वरम को श्रीलंका के तलाईमन्नार से जोड़ेगी।
यह चर्चा मुंबई में आयोजित इंडिया मैरीटाइम वीक 2025 के दौरान हुई, जहां भारत के केंद्रीय पोत, बंदरगाह और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने अपने श्रीलंकाई समकक्ष अनुरा कुरुनातिलके से मुलाकात की।
मंत्रालय की ओर से जारी एक पोस्ट में कहा गया है कि इस बैठक में दोनों देशों के बीच समुद्री संपर्क बढ़ाने और मौजूदा मार्गों के अलावा नई फेरी सेवाएं शुरू करने पर विस्तृत चर्चा हुई। विशेष रूप से रामेश्वरम से तलाईमन्नार के बीच नई फेरी सेवा की संभावनाओं पर विचार किया गया।
फिलहाल भारत और श्रीलंका के बीच तमिलनाडु के नागपट्टिनम से श्रीलंका के कांकेसंथुराई के बीच फेरी सेवा संचालित की जा रही है। नई सेवा शुरू होने से दोनों देशों के बीच पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।




