देश के सबसे साफ शहर से ‘डेंगू’ के ‘मच्छरों’ का सवाल, इतनी ही है सफाई फिर क्यों बीमार हो रहे लोग?

Date:

इंदौर। देश में सातवीं बार सबसे साफ शहर का खिताब जीत चुके इंदौर की सफाई व्यवस्था पर डेंगू के मच्छर सवाल उठा रहे हैं। मच्छरों का कहना है कि अगर आप गली-गली हल्ला गाड़ियों से आठवीं बार…आठवीं बार…गाना बजा रहे हो तो लोग बीमार क्यों हो रहे? हम तो गंदगी पर मंडरा रहे हैं। हमारी जनसंख्या बढ़ती जा रही है। हम हर दिन लोगों को डंक मार उन्हें डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया का शिकार बना रहे हैं, आप कहां हो?

नगर निगम तथा स्वास्थ्य विभाग चाहे तो इन मच्छरों के सवाल को मजाक में उड़ा सकता है, लेकिन सच्चाई यही है कि सभी जिम्मेदार गहरी नींद में हैं। दीपावली बीत गई। इसके पटाखे के शोर भी नगर निगम तथा स्वास्थ्य विभाग की नींद नहीं खोल पाए। क्या जिम्मेदार बता सकते हैं कि हर साल दवा छिड़काव से लेकर धुआं उड़ाने तक की कवायद कहां चल रही है? मैदान से पूरा अमला गायब है, लेकिन आपकी नेतागिरी भरपूर चल रही है। हर दिन अखबारों में मुस्कुराते हुए आपके फोटो देख बेचारे डेंगू के मच्छर भी शर्मिंदा हो रहे हैं। क्या आप बता सकते हो कि अगर सबकुछ ठीक-ठाक है तो बीमारियां क्यों फैल रही हैं?

24 घंटे में डेंगू के 15 मरीज

इंदौर में डेंगू की मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटों में डेंगू के 15 नए मरीज मिले हैं। ये मरीज मूसाखेड़ी, आजाद नगर, विजय नगर, स्कीम 74 आदि क्षेत्रों में मिले हैं। चिन्ता की बात यह कि इस बार डेंगू ने पॉश इलाकों को भी अपने चपेट में ले लिया है। नए मरीजों में आजाद नगर के 4 मरीज हैं। विजय नगर, स्कीम 74 में तीन मरीज मिले हैं। इसके अलावा साउथ तुकोगंज, चंद्र विहार कॉलोनी, जीवन ज्योति कॉलोनी, तिलक नगर, निपानिया, सांवेर रोड, द्वारकापुरी, महादेव नगर, ओल्ड पलासिया आदि क्षेत्रों में भी मरीज मिले हैं। अब तक इस साल 536 डेंगू के मरीज मिल चुके हैं। डेंगू से एक मौत भी हो चुकी है। 23 अक्टूबर को 7 केस मिले थे। यह भी बताते चलें कि चिकनगुनिया के 20 और मलेरिया के 7 केस भी मिल चुके हैं।

Ardhendu Bhushan (Consulting Editor)
Ardhendu Bhushan (Consulting Editor)http://www.hbtvnews.com
Ardhendhu Bhushan is a senior consulting editor with extensive experience in the media industry. He is recognized for his sharp editorial insight and strategic guidance.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

Recent News
Related