अभिषेक शर्मा अस्पताल में भर्ती, नामीबिया मैच पर सस्पेंस; पाकिस्तान मुकाबले से पहले टीम की बढ़ी चिंता
भारतीय टीम के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा पेट की समस्या के चलते दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। पिछले दो दिनों से उनका इलाज चल रहा है और विभिन्न चिकित्सकीय जांच की जा रही हैं। टीम प्रबंधन के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिल पाएगी या नहीं।
12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और नामीबिया के बीच होने वाले मैच में अभिषेक के खेलने पर संशय बना हुआ है। बीसीसीआई के मुताबिक , “मैच के लिए उनकी उपलब्धता अभी स्पष्ट नहीं है।” अगर वह नहीं खेलते हैं तो उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिल सकता है, जबकि ईशान किशन दूसरे ओपनर की भूमिका निभा सकते हैं।
हालांकि टीम प्रबंधन और मेडिकल स्टाफ को उम्मीद है कि 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले तक अभिषेक पूरी तरह फिट हो सकते हैं। फिलहाल उनकी रिकवरी टीम की प्राथमिकता बनी हुई है।


