सीजफायर तोड़ने से बाज नहीं आ रही पाक सेना, 12वें दिन भी नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी जारी
जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम उल्लंघन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पांच और छह मई की रात को भी पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन किया। यह घटना पहलगाम आतंकी हमले के बाद लगातार 12वें दिन हुई है।

कई सेक्टर में गोलाबारी
कुपवाड़ा, बारामुला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टर में पाकिस्तानी चौकियों से बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई। भारतीय सेना ने इस कार्रवाई का सटीक और कड़ा जवाब दिया है।
सोमवार को अग्रिम चौकियों को बनाया निशाना
इससे पहले सोमवार को पाकिस्तान ने भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर फायरिंग की थी।
12 दिनों में 40 से अधिक बार उल्लंघन
सेना के प्रवक्ता के अनुसार, बीते 12 दिनों में पाक सेना ने लगभग 40 बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में भय और अस्थिरता का माहौल बना हुआ है। खासकर कुपवाड़ा, बारामुला, उड़ी और अखनूर क्षेत्रों में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
सीमावर्ती गांवों में दहशत का माहौल
लगातार हो रही फायरिंग के कारण सीमावर्ती गांवों में डर का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों को जान-माल की चिंता सताने लगी है और सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है।


