ईरान में फिर कांपी धरती: बंदर अब्बास के पास 4.1 तीव्रता का भूकंप, लोगों में दहशत
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार शनिवार सुबह भूकंप आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.1 दर्ज की गई।
भूकंप का केंद्र बंदर अब्बास से लगभग 74 किलोमीटर पश्चिम में और 10 किलोमीटर की गहराई पर बताया गया है। झटके महसूस होते ही लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
यह भूकंप ऐसे समय आया है जब क्षेत्र में संयुक्त राज्य अमेरिका और इजरायल के साथ तनाव और हमलों की खबरों के कारण पहले से ही लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी।
पिछले कुछ दिनों से ईरान में लगातार भूकंप आ रहे हैं। इससे पहले मंगलवार को भी दक्षिणी ईरान में 4.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। यह झटका गेराश के आसपास महसूस किया गया था।
उस भूकंप का केंद्र गेराश से 52 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था और यह भी करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर आया था। लगातार आ रहे भूकंपों के कारण स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।




