नेपाल में जेन-ज़ी प्रदर्शन के बाद सियासी हलचल, सुशीला कार्की के नाम पर सहमति
नेपाल में ‘जेन-ज़ी’ प्रदर्शनों के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। इसी बीच, पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को नई सरकार का मुखिया नियुक्त करने पर सहमति बनने की खबरें सामने आई हैं फैसले की अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह निर्णय गुरुवार रात राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल और सेना प्रमुख अशोक राज सिगडेल की मौजूदगी में लिया गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान सुशीला कार्की भी बैठक में उपस्थित थीं। लेकिन शुक्रवार सुबह तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
अगर नेपाल इस फैसले पर आगे बढ़ता है, तो देश की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रह चुकीं सुशीला कार्की को सरकार की पहली महिला प्रमुख बनने का अवसर मिलेगा।


