नासा के आर्टेमिस-2 मिशन ने अंतरिक्ष अन्वेषण में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। इस मिशन के चार अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी से इतनी दूर पहुंच गए हैं, जहां अब तक कोई इंसान नहीं पहुंच सका था।
ओरियन स्पेसक्राफ़्ट ने धरती से अपनी अब तक की सबसे अधिक दूरी तय की, जिससे मानव इतिहास में अंतरिक्ष यात्रा का नया रिकॉर्ड बना। नासा के अनुसार, यह दूरी 2,52,756 मील (लगभग 4,06,771 किलोमीटर) रही।
इससे पहले सबसे दूर जाने का रिकॉर्ड अपोलो 13 मिशन के नाम था, जिसने 1970 में यह उपलब्धि हासिल की थी। अब पचास से अधिक वर्षों बाद यह रिकॉर्ड टूट गया है।
आर्टेमिस-2 मिशन की शुरुआत 1 अप्रैल को हुई थी। इसका प्रक्षेपण केनेडी स्पेस सेंटर, फ्लोरिडा से किया गया।
यह 10 दिनों का मिशन है, जिसमें अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा की सतह पर उतरने के बजाय उसके आसपास चक्कर लगाएंगे और अंतरिक्ष में विभिन्न परीक्षण करेंगे। यह मिशन भविष्य में इंसानों को चंद्रमा पर फिर से भेजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


